
कुल्लू। आर्ट्स संकाय में सीटें न बढ़ाने को लेकर एनएसयूआई भड़क उठी है। एनएसयूआई की कुल्लू इकाई ने सोमवार को इस मुद्दे को लेकर प्रधानाचार्य कार्यालय का घेराव भी किया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विवि और कालेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
एनएसयूआई के उपाध्यक्ष अमित गौड़ ने बताया कि इस मुद्दे पर संगठन ने प्राचार्य के समक्ष पूर्व में भी मांगे रखी थीं लेकिन उस पर कोई गौर नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि कालेज प्रशासन छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने पर उतरा है। एनएसयूआई ने फिर मांग की है कि आर्ट्स संकाय में सीटें 60 से बढ़ाकर 120 की जाएं। एनएसयूआई ने कालेज प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर इस मुद्दे पर जल्द फैसला नहीं लिया तो दो जुलाई से कॉलेज का बहिष्कार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह आर्ट्स के छात्रों के साथ खिलवाड़ है। इस मौके पर कैंपस अध्यक्ष वेद प्रकाश, कैंपस महासचिव कपिल राणा, मोनित, इंद्र, अवनिश, संदीप, शिवम, लक्की, संजय समेत भारी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
