
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। नेशनल हाईवे पर ज्यूरी से चौरा तक सड़क की टारिंग पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं, लोगों का कहना है कि सड़क चौरा तक ठीक है, लेकिन इस पर फिर से तारकोल बिछाई जा रही है, जबकि ज्यूरी से झाकड़ी तक सड़क मार्ग की हालत दस साल से दयनीय बनी हुई है। सड़क की खस्ता हालत के कारण कई हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन एनएच इस मार्ग की हालत में सुधार करने की जगह अच्छी खासी सड़क पर टारिंग करने में जुटा हुआ है। इससे लोगों में भारी रोष है। इस कार्य के लिए एनएच पौने दो करोड़ रुपये खर्च कर रहा है।
ज्यूरी से लेकर झाकड़ी तक सड़क की टायरिंग लगभग दस साल पहले हुई थी, लेकिन वर्तमान में सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं, जबकि एनएच पर मंगलाड़ खड्ड, रतनपुर, आर्मी कैंप और ब्रौनी खड्ड में छोटे वाहन चालकों को गाड़ी के चैंबर नीचे लगने का डर सताता रहता है, लेकिन इसके बाद भी एनएच खराब सड़क को पहले ठीक न कर के उस भाग को सही करवा रहा है, जहां अभी टायरिंग की आवश्यकता भी नहीं है।
इस बारे में एनएच के एसई एचएस नेगी का कहना है कि इस भाग का प्राक्कलन तैयार कर दिल्ली भेजा गया है। जैसे ही मंजूरी मिलेगी, ज्यूरी से झाकड़ी की ओर भी टायरिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ज्यूरी से चौरा के बीच की टारिंग को भी तीन साल हो चुके थे।
