एनआईटी हॉस्टल से लैपटॉप चोरी

हमीरपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर के छात्रावास से छात्रों के तीन लैपटॉप चोरी हो गए हैं। यह लैपटॉप दो अलग-अलग कमरों से चोरी हुए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शातिरों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
जानकारी के अनुसार वीरवार दिन दहाड़े छात्रावास के दो कमरों से तीन लैपटॉप चोरी हो गए। जब यह घटना घटी तब छात्र बाहर थे। दो कमरोें में तीन छात्र रहते थे। जब उन्हें लैपटॉप चोरी होने का पता चला तो उससे अगले दिन छात्रों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी। पुलिस ने इस संबंध में छानबीन शुरू की। पुलिस ने शनिवार को हॉस्टल की सुरक्षा में तैनात दो सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ की। लैपटॉप चोरी होने से संस्थान की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। आखिर दिन दहाड़े कैसे लैपटॉप चोरी हो गए। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। शनिवार को दो सुरक्षा कर्मियों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल का भी जायजा लिया है। सफाई कर्मचारी और छात्रों के दोस्तों से भी पूछताछ की गई है। अभी तक चोरी के संबंध में कोई सुराग नहीं लग पाया है। चोरी की घटना ने संस्थान की सुरक्षा पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद चौधरी ने कहा कि पुलिस चोरी के मसले को सुलझाने में जुटी हुई है। संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। शनिवार को दो सुरक्षाकर्मियों से थाना में लगभग 15 मिनट तक पूछताछ की। उन्होंने कहा कि शातिरों का सुराग लगा लिया जाएगा।

यह मैटर हॉस्टल का है। मेरे पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है।
-एएस सिंघा, रजिस्ट्रार एनआईटी

सुरक्षा पर उठे सवाल
चोरी होने से एनआईटी की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं। कैसे शातिर छात्रावास में प्रवेश कर गए जबकि गेट पर सिक्योरिटी गार्ड होते हैं। इसके अलावा हॉस्टल वार्डन भी तैनात रहते हैं, फिर भी दिन दहाड़े चोर लैपटॉप चोरी कर ले गए।

पहले भी हो चुकी हैं चोरी की वारदातें
एनआईटी कैंपस में स्थित छात्रावासों में पहले भी चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। अधिकतर चोरी की वारदातों में स्थानीय युवक पकड़े जा चुके हैं। इसके बाद कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता कर दिया गया है। कौन व्यक्ति कैंपस में कब दाखिल होता है और कब बाहर निकलता है। इसका बाकायदा रिकार्ड रखा जाता है। शातिरों ने दिन दहाड़े चोरी की वारदात को कैसे अंजाम दिया, यह पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया है।

Related posts