
अवाहदेवी (हमीरपुर)। कस्बे की एकमात्र एटीएम मशीन कब खराब हो जाए। कोई भरोसा नहीं है। ऐसे में उपभोक्ताओं को या तो बैंक से नकदी निकलवानी पड़ती है या फिर मायूस होकर वापस लौटना पड़ता है। आए दिन एटीएम मशीन के खराब होने से क्षेत्र के लोगों में बैंक प्रबंधन के प्रति रोष है।
स्थानीय लोगों में अनिल कुमार उर्फ बबली, प्रवीण कुमार, वरुण चंदेल, सतीश कुमार, संजीव कुमार, चीनू ठाकुर, प्रवीण कुमार, किरणा देवी, रीना देवी, सोनी कुमार आदि का कहना है कि कस्बे में स्टेट बैंक आफ पटियाला की एकमात्र एटीएम मशीन है जो हर दूसरे दिन खराब हो जाती है जिसके चलते उपभोक्ता सुविधा का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। बैंच के उपभोक्ता तो शाखा में जाकर राशि निकाल लेते हैं जबकि अन्य बैंकों के एटीएम कार्ड धारक उपभोक्ताओं को मायूस होकर लौटना पड़ता है।
लोगों का आरोप है कि बैंक प्रबंधन को कई बार समस्या के प्रति अवगत करवाया जा चुका है लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। लोगों ने कस्बे में स्थित पीएनबी बैंक प्रबंधन से मांग की कि कस्बे में एटीएम मशीन स्थापित की जाए जिससे लोगों की समस्या का समाधान हो सके। अन्य बैंक की एटीएम मशीन स्थापित होने से उपभोक्ताओं को विकल्प उपलब्ध होगा, अन्यथा आपातकाल में समस्या से दो चार होना पड़ता है।
उधर, संबंधित बैंक मैनेजर जीएस राणा का कहना है कि एटीएम मशीन को जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा।
