एटीएम कार्ड बदलने वाले शातिर दबोचे

संतोषगढ़ (ऊना)। संतोषगढ़ में नंगल रोड स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम पर बैंक कर्मचारियों की मुस्तैदी से एटीएम कार्ड बदलकर पैसे उड़ाने वाले गिरोह के सदस्यों को पुलिस ने दबोच लिया। दबोचे गए गिरोह के तीन सदस्यों से 17 एटीएम कार्डों सहित एक कार और 44800 रुपये की नगदी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार एसबीआई के एटीएम में मंगलवार सुबह लगभग दस बजे हाजीपुर गांव के बुजुर्ग महेंद्र सिंह का एटीएम कार्ड बदलने के चक्कर में एक युवक केबिन में घुसा हुआ था। युवक की इस हरकत को बैंक मैनेजर गुरमोहिंद्र सिंह सहित बैंक कर्मचारियों ने बैंक के अंदर लगी स्क्रीन पर देख लिया। बैंक मैनेजर एवं कर्मचारी विपिन कुमार युवक को दबोचने के लिए एटीएम की ओर दौड़े। बैंक कर्मचारियों को एटीएम में घुसता देख गिरोह के दूसरे दो सदस्य भाग खडे़ हुए। बैंक कर्मियों के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने कार में भाग रहे दोनों शातिरों को आल्टो कार नंबर एचआर 21-एच 9771 सहित धर दबोचा। बैंक प्रबंधन ने तुरंत जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों शातिरों को गिरफ्तार कर लिया। हरोली पुलिस थाना प्रभारी हरजीत सिंह का कहना है कि पकड़े गए तीनों शातिर हरियाणा राज्य के कैथल एवं हिसार जिला से संबंधित हैं।
उन्हाेंने बताया कि पकड़े गए लोगों में रमेश पुत्र चंदन निवासी डाटा हिसार, राजवीर पुत्र भूरिया निवासी कलायत जिला कैथल एवं कालू राम पुत्र दिवाना राम गांव रवेड़ी गुरायां कैथल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि तीनों शातिर एटीएम कक्षों के इर्द-गिर्द रहकर वहां आने वाले बुजुर्ग लोगों एवं महिलाओं को अपना निशाना बनाते थे। शातिरों से 44800 रुपये नकद, 17 एटीएम कार्ड एवं एक कार मिली है। तीनों के खिलाफ धारा 420, 380, 511 व 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related posts