
बड़सर (हमीरपुर)। अगर आपको कोई अनजान फोन से एटीएम कार्ड नंबर बदलने के बहाने कोड नंबर या पासवर्ड पूछे तो सावधान रहें। कहीं आपके द्वारा नंबर बताने पर बैंक से राशि न निकाल ली जाए। बड़सर में इन दिनों एटीएम कार्ड नंबर जानने के लिए फोन आ रहे हैं। बड़सर के राजेश चोपड़ा ने बताया कि मोबाइल में 09507432197 नंबर से फोन आया तथा बताया कि बैंक हैडआफिस मुंबई से बोल रहे हैं। आपका एटीएम कार्ड बदला जाएगा, एटीएम के साथ फोटो भी लगेगा। इसलिए अपना कार्ड नंबर तथा पासवर्ड बताएं या मोबाइल नंबर पर एसएमएस करें।
राजेश चोपड़ा ने एटीएम कार्ड पर लिखे टोल फ्री नंबर पर फोन किया। उन्होंने बताया कि एटीएम से संबंधित ग्राहक को कोई फोन नहीं किया जाता है। लोकल बैंक ही ग्राहक से संपर्क करता है। फोन पर कोई ध्यान नहीं दें तथा न ही कोई जानकारी दें। मैहरे स्थित स्टेट बैंक ऑफ पटियाला में फोन किया तथा फोन कार्ड नंबर बदलने की योजना के बारे में जानना चाहा। बैंक प्रबंधक ने किसी भी व्यक्ति को एटीएम कार्ड या बैंक संबंधित जानकारी नहीं देने की बात कही।
राजेश चोपड़ा के अलावा क्षेत्र के सुरेंद्र कुमार, अजय कुमार, ममता कुमारी को भी फोन आए थे तथा एटीएम कार्ड बदलने के लिए कार्ड नंबर और पासवर्ड पूछे गए। स्टेट बैंक आफ पटियाला मैहरे शाखा प्रबंधक बीएस धीमान ने बताया कि फोन कॉल पर एटीएम कार्ड या बैंक के बारे में कुछ भी नहीं बताएं। अनजाने फोन काल से लक्की नंबर या लाटरी निकलने के नाम पर ठगी हो रही है। सावधान रहें, एटीएम कार्ड नं और पासवर्ड के बारे में कोई जानकारी नहीं दें।
