
संतोषगढ़ (ऊना)। एक राष्ट्रीयकृत बैंक की शाखा के बाहर स्थित एटीएम में एक युवती का एटीएम कार्ड बदलकर हजारों रुपये उड़ाने के चक्कर में दबोचे गए एक शातिर गिरोह के दो सदस्यों को अदालत ने 15 मई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार राज कुमार निवासी पिहोवा, कुरुक्षेत्र और राजेश कुमार निवासी कैथल शुक्रवार को स्थानीय बैंक शाखा के एटीएम के समक्ष खड़े थे, इसी दौरान एक युवती एटीएम से पैसे निकलवाने पहुंची, जब युवती एटीएम से पैसे नहीं निकाल पाई तो बाहर खड़े दोनों युवकों ने उसे मदद की पेशकश की। इसी दौरान एटीएम बॉक्स में चल रहे माजरे को बैंक कर्मी विपिन कुमार सीसीटीवी कैमरे के जरिये अंदर बैठा देख रहा था। उसे दोनों युवकों पर शक हुआ और उसने तुरंत बाहर निकल कर युवकाें को पकड़ने का प्रयास किया तो दोनों भाग खड़े हुए, जिनमें से एक को तो विपिन कुमार ने दबोच लिया था। वहीं दूसरे को स्थानीय लोगों ने धर दबोचा था। लोगों ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। एसपी खुशहाल चंद शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों ने दिसंबर 2012 में इसी स्थान से जगतराम नामक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदलकर भी लगभग 62 हजार रुपये उड़ा लिए थे। एसपी ने बताया कि दोनों युवकों को शनिवार अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को 15 मई तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अन्य मामलों को लेकर भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
