
धर्मपुर (सोलन)। मकान मालिक की मुस्तैदी से पुलिस ने एटीएम चोर के गिरोह के मनसूबों पर पानी फेर दिया। घटना रविवार तड़के 3:30 बजे की है। शातिर लुटेरे एक चंडीगढ़ नंबर की पिकअप (सीएच 01टीए-9474) में आए और एनएच-22 स्थित धर्मपुर पड़ाव स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को उखाड़ने लगे। टूट फूट की आवाजें सुनकर भवन मालिक तिलक राज की आंख खुल गई। उन्होंने खिड़की से बाहर देखा तो कुछ लोग एटीएम मशीन को पिकअप में डाल रहे थे। वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह में छह शामिल थे, जिनमें परवाणू में नाकाबंदी कर दो पुलिस के हत्थे चढ़े।
एटीएम को उखाड़कर भाग रहे चोरों की सूचना मकान मालिक ने धर्मपुर पुलिस को संपर्क दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची शातिर वहां से भाग निकले। पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना परवाणू थाना में दी। परवाणू पुलिस ने टीटीआर चौक पर नाकाबंदी कर दी। पिकअप के वहां पहुंचने पर पुलिस ने उसे रोका तो चार शातिर भाग खडे़ हुए। जबकि पिकअप में सवार दो लूटेरे शीश पाल (22) पुत्र बिहारी लाल निवासी गड़बा नजदीक चंडीगढ़ मूल निवासी यूपी तथा महेश चंद (20) पुत्र सोम पाल निवासी बापू धाम कालोनी सेक्टर-28 चंडीगढ़ को हिरासत में लिया है। चोरों से एटीएम को भी बरामद कर लिया गया।
डीएसपी परवाणू सुशील कुमार ने मामले पुष्टि करते हुए कहा कि लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परवाणू के टीटीआर चौक पर नाकाबंदी के दौरान दो लुटेरों सहित एटीएम मशीन को बदामद कर लिया है। हिरासत में आए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस की एक टीम चंडीगढ़ रवाना हो गई है। उन्होंने कहा कि सोमवार को बैंक के तकनीकी बिंग के कर्मचारी एटीएम को खोलेंगे। उसके बाद एटीएम में रखे कैश का पता चल सकेगा। फिलहाल एटीएम पुलिस की कब्जे में है।
