
धर्मशाला। धर्मशाला में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान एचपीसीए और अन्य मुद्दों पर गरमाहट आने के आसार हैं। सदन में भाजपा जहां अनुराग के खिलाफ कार्रवाई को ढाल बनाएगी, वहीं कांग्रेस भी एचपीसीए मुद्दे पर आक्रामक तेवर की तैयारी में है। पिछले दिनों प्रदेश सरकार ने एचपीसीए के क्रिकेट स्टेडियमों पर आधी रात को ताले जड़कर इन्हें अपने अधिकार क्षेत्र में ले लिया था। इसका भाजपा ने जमकर विरोध किया था। हालांकि, बाद में मामला हाईकोर्ट में जाने के बाद प्रदेश सरकार को क्रिकेट स्टेडियम एचपीसीए को लौटाने के आदेश हुए थे। इससे सरकार की काफी फजीहत भी हुई थी। एचपीसीए मामले में अभी तक दो गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं। इसके अलावा धर्मशाला में काला पुल के पास भू सौदे मामले को लेकर भी सरकार अनुराग ठाकुर को घेरेगी। इस मामले में तत्कालीन अधिकारियों पर एफआईआर हो चुकी है। सदन में स्थानीय मुद्दे भी गूंजेंगे। कांग्रेस सूत्र बताते हैं कि सरकार भी इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपनाने की तैयारी में है। वीरभद्र सरकार के लिए भी इस मुद्दे को प्रतिष्ठा का विषय माना जा रहा है। उम्मीद है कि ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत इस मुद्दे पर चरचा हो सकती है।
बदला-बदली के मुद्दे पर घेरेंगे : रवि
भाजपा नेता एवं विधायक रविंद्र रवि का कहना है कि सरकार को बदला-बदली की भावना से काम करने के मुद्दे पर घेरा जाएगा। प्रदेश की कांग्रेस सरकार जब से सत्ता में आई है, बदला-बदली की भावना से काम किया जा रहा है।
हर सवाल का देंगे जवाब : सुधीर
कांग्रेस नेता एवं शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा कहते हैं कि सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
