एचआरटीसी पेंशनरों को समय पर अदा करें पेंशन

मंडी। हिमाचल पेंशनर कल्याण संघ ने एचआरटीसी के पेंशनरों को समय पर पेंशन का भुगतान न करने पर रोष जताया है। संघ के सचिव सुरेश चंद शर्मा ने कहा कि एचआरटीसी प्रबंधन की ओर से मार्च माह की पेंशन का भुगतान अप्रैल माह पूरा बीत जाने पर 29 और 30 तारीख को किया गया। नियमित कर्मचारियों को सात अप्रैल तक वेतन मिल गया था।
उन्होंने कहा कि एचआरटीसी प्रबंधन पेंशन फंड में धनराशि न होने का बहाना बनाकर पेंशनरों को उनकी पेंशन और सेवानिवृत्ति लाभ के भुगतान में देरी कर रहा है। लीव इन कैशमेंट की अदायगी नवंबर 2012 तक सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों को भेजी जा रही है। इससे पहले के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को लाभ से वंचित रखा जा रहा है। जून 2013 तक रिटायर्ड हुए पेंशनरों को उनकी ग्रेच्युटी एक वर्ष के बाद मिल रही है।
पेंशनरों के डीए का एरियर 42 महीने का है। इसकी राशि सात करोड़ बनती है। इसे भी एचआरटीसी प्रबंधन पेंशनरों को अदा नहीं कर रहा। उन्होंने बताया कि कई बार संघ की ओर से प्रबंधन को समस्याओं से अवगत करवाया जा चुका है। लेकिन इस बारे में प्रबंधन की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। सचिव सुरेश चंद शर्मा ने कहा कि समस्याओं और मांगों को लेकर एचआरटीसी पेंशनरों में रोष है। 6 मई को होने वाली बैठक में मांगों पर चरचा कर संघर्ष की रणनीति तैयार की जाएगी।

Related posts