एक हजार किया जाए चिकित्सा भत्ता

कुल्लू। भूतपूर्व अर्द्धसैनिक बल संगठन कुल्लू की सोमवार को ढालपुर में हुई बैठक में चिकित्सा भत्ता एक हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग जोर शोर से उठाई गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर ने की। बैठक में करीब 71 अधिकारियों और जवानों ने भाग लिया। इस दौरान पेंशनरों को पेंशन को लेकर पेश आ रही दिक्कतों पर चरचा की गई।
प्रीतम सिंह ठाकुर ने कहा कि पेंशनरों ने अफसोस जाहिर किया है कि अखिल भारतीय संगठन को केंद्र सरकार ने एक हजार रुपये प्रतिमाह चिकित्सा भत्ता देने का आश्वासन दिया था लेकिन अभी तक इसका लाभ नहीं मिल पाया। बताया कि पैरामिल्ट्री पेंशनरों को जब भी बैंक या अपने विभाग से पेंशन संबंधी जानकारी हासिल करनी होती है तो उसे कोई भी संतोषजनक उत्तर नहीं मिलता। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द ही इस मांग पर गौर किया जाए अन्यथा एक्स पैरामिल्ट्री फोर्स वेलफेयर एसोसिएशन सड़क
पर उतरेगी।
प्रीतम ने बताया कि अगली बैठक 20 जून को एसएसबी कैंप सरवरी में होगी। इस बैठक में सूबेदार मेजर जगननाथ ठाकुर हिस्सा लेंगे और आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने पेंशनरों से आग्रह किया है कि वे इस बैठक में अपने पेंशन से संबंधित कागजात साथ लाएं। बैठक में सूबेदार मेजर जगननाथ, अन्नत राम ठाकुर, इंद्र ठाकुर, नेसू राम, डूगलू राम ठाकुर, देवी सिंह, अमर चंद शर्मा, अन्नत राम, बल राम और जय चंद के अलावा संघ के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Related posts