
बिलासपुर। बिलासपुर के स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने वाले अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित छात्र-छात्राओं पर भी कुछ ऐसी गुजरी है कि उनको खुशी मिली परंतु लंबे इंतजार के बाद। इन विद्यार्थियों को एक शैक्षणिक सत्र खत्म होने के बाद वजीफा मिलेगा। जिला शिक्षा विभाग को 13 फरवरी को 84000 हजार रुपये का चेक मिला है। इससे शैक्षणिक सत्र वर्ष 2012-2013 में आवेदन करने वाले 84 छात्रों को एक हजार रुपये प्रति छात्र वजीफा बांटा जाएगा।
हालात यह है कि इन छात्रों का एक शैक्षणिक सत्र खत्म हो गया है। जबकि इस साल का सत्र भी खत्म होने को है। तब कहीं जाकर वजीफे की यह राशि मिलेगी। जिले के विभिन्न स्कूलो में शिक्षा प्राप्त कर रहे 28 लड़कियों व 56 लड़कों को यह वजीफा राशि प्रदान की जाएगी। योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को एक-एक हजार रुपये की राशि विभाग की ओर से दी जाती है। पात्र छात्रों को स्कूलों में चेकों के माध्यम से राशि को भेज दिया जाएगा। यह राशि प्रीमैट्रिक योजना के तहत ओबीसी के पात्र विद्यार्थियों को सौंपी जाएगी। घुमारवीं ब्लाक के नौ, सदर के एक, नयनादेवी के दो व झंडूता के आठ स्कूलों में ओबीसी के पात्र छात्रों को राशि प्रदान की जाएगी। जिला शिक्षा उप निदेशक प्रीतम सिंह ढटवालिया ने बताया कि छात्रों से आवेदन आदि लेने में समय लग जाता है। राशि रिलीज हो चुकी है। जल्द ही राशि छात्रों को प्रदान कर दी जाएगी।
