
चंबा । ग्राम पंचायत सराहण के मिडल स्कूल रान में स्टाफ न होने के कारण 75 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वर्तमान में स्कूल में मात्र एक ड्राइंग टीचर ही समस्त बच्चों को पढ़ा रहा है। स्कूल में लंबे अरसे से अंग्रेजी, शास्त्री, पीईटी और एलटी के शिक्षकों के पद खाली पड़े हुए हैं। शिक्षा विभाग ने 75 बच्चों को पढ़ाने के लिए स्कूल में दो शिक्षक एक बीएससी और एक डीएम तैनात कर रखा है। जिसमें से बीएससी शिक्षक बीते दिनों से बीमार चल रहा है। ऐसे में सारा कार्य डीएम शिक्षक को ही देखना पड़ रहा है।
एसएमसी की प्रधान धनो देवी, पिंकी देवी, सृष्ठा देवी, राजेंद्र कुमार, आशा देवी, दिनेश, राकेश, शांती दत्त, अरूण कुमार, प्रविंद्र कुमार, काकू राम और संजय कुमार ने बताया कि स्कूल में रान, गल्ल, बग, बंसदोर, सराहण और पंडाह गांवों के काफी संख्या में बच्चे पढ़ने के लिए आते हैं। शिक्षकों की कमी के कारण कुछ बच्चे दूसरे स्कूलों में दाखिला लेने को मजबूर हो गए हैं। बीते दिनों एक स्थानीय युवक मुफ्त में बच्चों को पढ़ा रहा था। उसने भी अब स्कूल आना छोड़ दिया है। इससे स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे तीन कक्षाओं के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। एक शिक्षक तीन कक्षाओं के बच्चों को संभाल नहीं पा रहा है। स्कूल प्रबंधन कमेटी शिक्षा विभाग और सरकार को प्रस्ताव भेजकर शिक्षक तैनात करने की अपनी बात रख चुकी है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द स्कूलों में रिक्त पड़े अध्यापकों के पदों को भरे जाने की मांग की है।
वहीं इस संबंध में प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक सुरेंद्र सिंह पठानिया के अनुसार जल्द इस संबंध में उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। स्कूलों में शिक्षकों की कमी के बारे में उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।
