एक रात में दो जगह टूटे ताले

आनी (कुल्लू)। उपमंडल मुख्यालय आनी की सदर पंचायत आनी के पंचायत घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने का नाकाम प्रयास किया गया। जबकि, इसी रात को पंचायत घर से करीब 350 मीटर दूर लामीसेरी गांव में कुंभदास के मकान का ताला तोड़कर नकदी, बर्तन और कुछ चांदी के गहने चोर उड़ा ले गए। इधर, आनी पुलिस ने दोनों मामले दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पंचायत आनी के प्रधान विनोद चंदेल ने बताया कि पंचायत घर का ताला तोड़ा गया है। जबकि, पंचायत घर से किसी भी सामान या रिकार्ड को नहीं चुराया गया। लामीसेरी गांव में इसी अंदाज में ताला तोड़कर करीब दस हजार की नकदी और सामान को चुराया गया है। सूचना मिलते ही आनी थाना के एएसआई तेज सिंह ने मौके का जायजा भी लिया है। पिछले कुछ वर्ष से आनी क्षेत्र में इगल गैंग के नाम से कुछ लोग गाड़ियों से तेल चुराना, गाड़ियों के शीशे तोड़ना और स्कूटर-मोटरसाइकिल आदि वाहनों को चुराकर कहीं दूर फेंकने जैसी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। लेकिन इसके बाद भी पुलिस अभी तक कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही है। मामले की जांच कर रहे एएसआई तेज सिंह ने बताया कि पंचायत घर में ताला जरूर टूटा है, मगर चोरी नहीं हुई है। जबकि लामीसेरी में चोर कुछ सामान और नकदी पर हाथ साफ कर गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related posts