
तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत मंगली में एक महीने से बिजली नहीं आ रही है। इससे 40 परिवारों को अंधेरे में रातें काटनी पड़ रही है। मंगली पंचायत में ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई है। इस कारण बिजली की आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है। आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय पंचायत के पूर्व प्रधान लाल चंद ने बताया कि क्षेत्र में एक महीने से बिजली नहीं है और बिजली बोर्ड ने आज तक आपूर्ति बहाल करने की जहमत नहीं उठाई। हालांकि विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को समस्या के बारे में कई बार अवगत करवाया गया, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। ऐसे में सैकड़ों लोगों को रात काटनी मुश्किल हो रही है। स्थानीय निवासी रमेश कुमार, चमन सिंह, अशोक कुमार, होशियार सिंह, रूप लाल, चैन सिंह, लाल चंद, दिनेश कुमार, कुलदीप और पुनीत ने बताया कि बिजली न होने के कारण स्कूली बच्चों को पढ़ाई करने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। इसके अलावा गृहणियों को खाना बनाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता अश्विनी कुमार ने बताया कि ट्रांसफ ार्मर में खराबी आने के कारण दिक्कतें पेश आ रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लगभग 20 पंचायतों के लिए एक ही लाइनमैन है। इस कारण बिजली की आपूर्ति बहाल करने में अड़चने पेश आ रही है। उन्हाेंने कहा कि जल्द समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
