
भुंतर (कुल्लू)। कुल्लू में एक शातिर शख्स ने एक जमीन के पर्चे पर दो बैंकों से लोन लेकर लाखों रुपये का चूना लगा दिया। पुलिस ने बैंक प्रबंधक की शिकायत पर आरोपी शख्स के खिलाफ भादंसं की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मनाली स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की एक शाखा के प्रबंधक राम लाल बल्याण ने दर्ज करवाई एफआईआर में कहा है कि 2005 में शमशी क्षेत्र निवासी विजय कुमार ने बैंक की ओर से मांगे गए दस्तावेजों को पूरा कर अपनी ढाई बीघा भूमि गिरवी रखकरबैंक से आठ लाख रुपये का लोन लिया। करीब एक साल बाद ही विजय कुमार ने उसी जमीन को स्टेट बैंक की भुंतर शाखा में गिरवी रखकर चालबाजी से 44 लाख 27 हजार रुपये का लोन ले लिया। कागजों की जांच पड़ताल करने के बाद बैंक के सामने जब शातिर की यह चालाकी सामने आई तो बैंक अधिकारियों की नींद उड़ गई। फिलहाल बैंक ऑफ इंडिया ने विजय कुमार के खिलाफ जालसाजी और धोखाधड़ी का मामला बना कर इसकी शिकायत पुलिस में कर दी है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि बैंक प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की छानबीन एसआई ओम प्रकाश कर रहे हैं।
