एक घंटे जाम में फंसी रही एंबुलेंस

भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी-भरवाईं मार्ग पर रविवार दोपहर श्रद्धालुओं की ओर से बेतरतीब वाहन पार्क होने से जाम लग गया। इसी दौरान मरीज को ले जा रही 108 एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। करीब एक घंटे तक 108 एंबुलेंस का चालक सायरन बजाता रहा, लेकिन जाम होने के कारण उसे रास्ता नहीं मिला। जिस कारण मरीज की हालत और नाजुक हो गई। एंबुलेंस में सवार मरीज के परिजन कभी लंबे जाम की ओर देख रहे थे तो कभी मदद के लिए वहां मौजूद भीड़ और ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को एकटक निहार रहे थे। ट्रैफिक पुलिस ने मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। तब जाकर कहीं 108 एंबुलेंस मरीज को लेकर क्षेत्रीय अस्पताल गई। भरवाईं थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि बेतरतीब वाहन खड़े करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे वाहनों का चालान काटने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

Related posts