एक घंटा परीक्षा देने से वंचित रखा छात्र

सुजानपुर (हमीरपुर)। स्व. ठाकुर जगदेव चंद मेमोरियल डिग्री कालेज सुजानपुर में बीबीए की परीक्षा देने आए एक छात्र को करीब एक घंटे तक परीक्षा से वंचित रहना पड़ा। दरअसल परीक्षा केंद्र में तैनात सुपरवाइजर ने छात्र से चेकिंग के दौरान मोबाइल पकड़ा था। इसके बाद मोबाइल के पासवर्ड को लेकर दोनों में खींचतान चलती रही। बाद में अधीक्षक के कमरे में जाकर जब पासवर्ड बताया गया तब कहीं जाकर छात्र दोबारा परीक्षा में बैठ सका। वहीं दूसरी तरफ छात्र के परिजनों ने इस मामले को लेकर कालेज के प्राचार्य से शिकायत भी की है।
छात्र सिपुल गुप्ता ने बताया कि 12 अप्रैल को बीबीए की परीक्षा देने वह सुजानपुर डिग्री कालेज में गया। चेकिंग के दौरान सुपरवाइजर ने उनसे मोबाइल बरामद किया। लेकिन सुपरवाइजर ने उसे जब्त करने के बजाय मोबाइल का पासवर्ड मांगा। इस दौरान दोनों में करीब आधा घंटे तक खींचतान चलती रही। इसके बाद सुपरवाइजर छात्र को अधीक्षक के कमरे में ले गया। जहां छात्र ने अधीक्षक को पासवर्ड बताया। लेकिन मोबाइल में परीक्षा से संबंधित कोई भी सामग्री नहीं पाई गई। करीब एक घंटे बाद छात्र परीक्षा केंद्र में दोबारा परीक्षा देने बैठा। लेकिन तब तक काफी समय बर्बाद हो चुका था। सिपुल गुप्ता ने बताया कि परीक्षा केंद्र में एक अन्य छात्र से भी मोबाइल पकड़ा गया था लेकिन सुपरवाइजर ने उसके मोबाइल को जब्त कर जेब में डाल लिया।

बाक्स: क्या कहते है संबंधित अधिकारी
परीक्षा केंद्र के अधीक्षक प्रिंस कुमार ने कहा कि सुपरवाइजर संजीव कुमार, छात्र को लेकर कमरे में आया था। छात्र के मोबाइल में परीक्षा से संबंधित सामग्री नहीं पाई गई है। सुपरवाइजर संजीव कुमार ने माना कि उन्होंने छात्र से पासवर्ड मांगा था। छात्र द्वारा पासवर्ड न देने पर करीब आधा घंटे तक बहस चलती रही। उन्होंने एक अन्य छात्र से परीक्षा केंद्र में मोबाइल पकड़े और उसे जेब में डालने की बात को स्वीकारा है। कालेज प्राचार्य की अनुपस्थिति में उप प्राचार्य अनिल गौतम का कहना है कि सिपुल गुप्ता के अभिभावकों की शिकायत आज ही उनके ध्यान में आई है। मामले की छानबीन की जाएगी।

Related posts