एक कॉल से अपने नेता के बारे में जानें

आपके क्षेत्र के उम्मीदवार की पृष्ठभूमि क्या है, संपत्ति कितनी है, कितना पढ़ा लिखा है व क्या काम करता है? या फिर कोई क्रिमिनल बैकग्राउंड तो नहीं है।

यह जानकारी मोबाइल से एक नंबर डायल करते ही मिल जाएगी। आगामी विधानसभा व लोकसभा चुनावों में आपके क्षेत्र से खड़े हुए उम्मीदवार की यह छोटी से छोटी जानकारी जानकारी देने के लिए नो योअर नेता सुविधा शुरू की गई है।

आम नागरिकों को यह सुविधा देने के लिए एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) और फेसबुक ने हाथ मिलाया है।

नो योअर नेता सुविधा की खास बात यह है कि इसके इस्तेमाल करने पर आपके मोबाइल के पैसे नहीं लगेंगे।

उम्मीदवार की जानकारी लेने के लिए बस किसी को भी अपने मोबाइल से *325*35# डॉयल करना होगा, जिसके बाद जिस तरह से फोन को रिचार्ज करने पर विकल्प आते हैं उसी तरह से विकल्प आने लगेंगे।

उन विकल्पों को पूरा करने पर उम्मीदवार की जानकारी घर बैठे ही मिल जाएगी। इसका लाभ फिलहाल जीएसएम उपभोक्ताओं को ही मिल सकता है।

एडीआर के फाउंडर व ट्रस्टी प्रो. त्रिलोचन सास्त्रे ने कहा कि नागरिकों को अप टू डेट इनफॉर्मेशन देने के लिए ही एडीआर और फेसबुक ने हाथ मिलाकर नो योअर नेता को शुरू किया है।

उन्होंने कहा कि केवल वोट देना ही काफी नहीं है बल्कि नागरिक को सूचना दिए जाने की भी जरूरत है।

फेसबुक इंडिया के पब्लिक पॉलिसी निदेशक अंखी दास ने कहा कि इस सुविधा के लिए फेसबुक की यूएसएसडी टेक्नोलॉजी(अनस्ट्रक्चर्ड सप्लीमेंट्री सर्विस डाटा) का इस्तेमाल किया गया है। जो कि सभी जीएसएम (ग्लोबल सिस्टम फॉर मोबाइल कम्युनिकेशन) फोन पर उपलब्ध है।

Related posts