
भरमौर (चंबा)। शिवनगरी भरमौर स्थित चौरासी परिसर का जीर्णोद्धार होने वाला है। चौरासी परिसर के जीर्णोद्धार पर प्रदेश सरकार लगभग एक करोड़ रुपये खर्च करेगी। चौरासी परिसर के जीर्णोद्धार से यहां पर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा श्रद्धालुआें को भी सुविधा मिलेगी।प्राप्त जानकारी के मुताबिक चौरासी परिसर में 84 छोटे बड़े मंदिर है। इसमें धर्मराज का मंदिर भी शामिल है। पांच मंदिर पुरातत्व विभाग के अधीन हैं। चौरासी परिसर में स्थित कुछ मंदिरों की हालत काफी दयनीय हो गई है। लंबे समय से मंदिरों की मरम्मत न होने के कारण कुछ मंदिर गिरने की कगार पर है। स्थानीय सामाजिक संगठनों ने मंदिरों की खस्ता हालत को सुधारने के लिए कई बार जिला प्रशासन व सरकार के नुमाइंदों से मांग उठाई। सामाजिक संगठनों की मांग को गंभीरता से लेते हुए चौरासी परिसर का जीर्णोद्धार करने का निर्णय लिया है। हाल ही में चौरासी परिसर में हुई जनसभा के दौरान वन मंत्री ने चौरासी परिसर के जीर्णोद्धार पर लगभग एक करोड़ खर्च करने की घोषणा की है।
