
तीसा (चंबा)। उपमंडल तीसा के तीन प्राइमरी स्कूल एक अध्यापक के सहारे चल रहे हैं। इस कारण इन स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे लगभग 60 छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है। राजकीय प्राथमिक पाठशाला चंडरू, बाड़ा और मंगली में पिछले लगभग दो साल से एक-एक अध्यापक सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में स्कूली बच्चों की पढ़ाई काफी प्रभावित हो रही है। ग्राम पंचायत टेपा प्रधान ध्यान सिंह, रमेश कुमार, अशोक, बीरबल, ध्यान चंद, प्यार सिंह, जोगिंद्र कुमार, सुदेश, लाल चंद, रूप लाल, दिनेश और विजय ने बताया कि स्कूल में तैनात एक-एक अध्यापकों का सारा समय मिड-डे मील व अन्य कागजी औपचारिकताएं पूरी करने में निकल जाता है। ऐसे में उन्हें बच्चों की पढ़ाने के लिए समय नहीं मिल पाता है। उन्होंने कहा कि कई बार सरकार व विभाग के अधिकारियों को खाली पदों को भरने के बारे में अवगत करवाया गया, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। उन्होंने सरकार व संबधित विभाग से मांग की है कि स्कूल में रिक्त अध्यापकों के पदों को जल्द भरा जाए। उधर, बीपीओ नीना ठाकु र ने बताया कि शिक्षकों की कमी के बारे में विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।
