एक्ससर्विस और ऑन सर्विसमेन के बच्चों को दो सीट

नई दिल्ली। यदि आप डिफेंस कोटे के तहत बीटेक डिग्री प्रोग्राम में दाखिला लेना चाहते हैं तो फिर यह आपके लिए राहत की खबर है। अब प्रति कोर्स पांच नहीं, बल्कि सात सीटें आरक्षित रहेंगी। डीटीयू मैनेजमेंट कमेटी ने सत्र 2013-14 में दाखिले के लिए रिटायर्ड और ऑन डयूटी कोटे में एक-एक सीट आरक्षित करने का निर्णय लिया है। बीटेक एडमिशन के को-आर्डिनेटर प्रो. मनोज कुमार के अनुसार, अभी तक पांच वर्गों के तहत डिफेंस कोटे में सीटों का बंटवारा होता था, लेकिन अब इस सत्र से दो अन्य वर्ग भी शामिल किए गए हैं। बीटेक के सभी 15 प्रोग्राम में आर्मी, नेवी व एयरफोर्स के रिटायर्ड व ऑन ड्यूटी कर्मियों के बच्चों के लिए प्रति प्रोग्राम दो-दो सीट आरक्षित होंगी। हालांकि इस नए बदलाव का लाभ पैरामिलिट्री वर्ग के कर्मियों के बच्चों को नहीं मिलेगा। अभी तक डिफेंस कोटे में युद्ध में मारे गए, युद्ध में विकलांग, आतंकवादी हमले में मारे गए, आतंकवादी हमले में विकलांग व वीरता पुरस्कार प्राप्त कर्मियों के बच्चों के लिए पांच सीट आरक्षित होती थीं, जिसमें थल, जल व वायु सेना के साथ पैरामिलिट्री कर्मियों के बच्चों को भी लाभ मिलता था। इस प्रकार प्रति प्रोग्राम सात सीट डिफेंस कोटे की आरक्षित रहेंगी।

Related posts