
केलांग। लाहौल-स्पीति भाजपा ने 108 एंबुलेंस तथा दमकल चौकी जैसी आधारभूत सुविधाओं पर स्थानीय विधायक के कथित उपेक्षापूर्ण रवैये पर विधायक को घेरने की पूरी रणनीति तैयार कर ली है। साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी इस बाबत पत्र भेजा जा रहा है। लाहौल भाजपा ने विधायक रवि ठाकुर के उस बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है जिसमें कहा गया है कि लाहुल में एक ही एंबुलेंस काफी है तथा सर्दियों में लाहुल की 40 फीसदी आबादी कुल्लू शिफ्ट हो जाती है। दमकल वाहन तथा श्रमशक्ति की जिले में सर्दियों में उपयोगिता नहीं है। भाजपा का दावा है कि विरोध की नई शैली जिले के जनमानस की भावनाओं का प्रतिनिधित्व ही नहीं करेगी, बल्कि विधायक को भी इस बात का एहसास होगा कि क्षेत्र में इतनी जनता रहती है जो सर्दियों में पलायन नहीं करती। लाहौल स्पीति भाजपा के महासचिव अजय बौद्ध ने प्रेस को जारी ब्यान में कहा है कि गांधीगिरी की तर्ज पर छेड़ा जा रहा यह अभियान जिले के इतिहास में पहली मर्तबा होगा कि किसी विधायक के नाम इतनी मात्रा में पोस्टकार्ड जाएंगे। अजय बौद्ध ने कहा कि विधायक को इस बात का भी एहसास नहीं कि दमकल चौकी के शिफ्ट होने से होमगार्ड्स में तैनात लाहुल के सात स्थानीय युवा बेरोजगार हुए हैं। भाजपा ने पोस्ट कार्ड के जरिये मांग की है कि एंबुलेंस तथा अग्निशमन चौकी को दोबारा लाहौल भेजने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि लाहौल के डाकघरों में उपलब्ध करीब 1700 पोस्टकार्ड खरीदे जा चुके हैं, शेष पोस्टकार्ड कुल्लू से मंगवाने की तैयारी है।
