
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री एके एंटनी के बयान के खिलाफ भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा। प्रदर्शनकारियों ने एंटनी और कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और उनके कृष्णा मेनन मार्ग स्थित आवास का घेराव करने पहुंच गए। हालांकि कृष्णा मेनन मार्ग पर ही उन्हें रोक दिया गया।
प्रदर्शन को देखते हुए सुनहरी बाग इलाके में भी धारा 144 लगाई गई थी। प्रदर्शन को उग्र होता देख वाटर कैनन का इस्तेमाल कर भीड़ को तितर-बितर किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजयुमो अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश के जवान शहीद हो रहे हैं और रक्षा मंत्री पाकिस्तान के सैनिकों के बचाव में जुटे हैं। इसे देश के युवा बर्दाश्त नहीं कर सकते। रक्षा मंत्री के उस बयान से युवा इत्तफाक नहीं रखते, जिसमें उन्होंने पाकिस्तानी सैनिकों के हमले को पाक सेना के वर्दीधारी व्यक्तियों समेत 20 आतंकवादियों का हमला बताया है। भाजयुमो के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रभारी ने कहा कि जब तक रक्षा मंत्री बयान को वापस नहीं लेते विरोध जारी रहेगा।
