ऊना-हरोली में धूमल ने दोहराया मोदी मंत्र

ऊना। लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर भाजपा की ओर से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए शुरू किए गए अभ्यास वर्ग के क्रम में ऊना मंडल भाजपा का अभ्यास वर्ग शनिवार को त्रिश्मा रिजार्ट बहडाला में आयोजित किया गया। इसका शुभारंभ पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने किया। उद्घाटन सत्र में प्रो. धूमल ने भाजपा का इतिहास, विकास और विशेषताएं विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा विचारधारा पर आधारित पार्टी है, जिसकी शक्ति कार्यकर्ताओं की मेहनत है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश में जनता की आवाज बन चुके वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी को भावी प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करके देश के युवाओं सहित हर वर्ग की उम्मीदों को पंख लगाए हैं। उन्होंने कहा कि देश में विकास और स्वराज की स्थापना के लिए एनडीए का सत्ता में आना जरूरी है। देश की जनता को महंगाई भ्रष्टाचार और कांग्रेस के काले शासन से मुक्ति दिलाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेवारी समझते हुए जनता के बीच मुद्दों को लेकर जाना है ताकि कांग्रेस मुक्त भारत के लिए एक जनांदोलन खड़ा किया जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा की स्थापना देश में मजबूत राष्ट्र की परिकल्पना को लेकर हुई है। राष्ट्रवाद ही भाजपा का प्रमुख लक्ष्य है और देश को विश्व का अग्रणी राष्ट्र बनाना पार्टी का सपना है। देश में एनडीए के शासन में अटल बिहारी वाजपेयी ने विकास की जो गाथा लिखी, वह आज भी कांग्रेस के साठ वर्षों पर भारी पड़ रही है। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के गांव पूबोवाल में आयोजित अभ्यास वर्ग में कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार किया। अभ्यास वर्ग में चुनावी प्रबंधन और मुद्दों के विषय पर भाजपाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि आज कांग्रेस के विरुद्ध एक नहीं, बल्कि अनेक मुद्दे हैं। इन सब मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाना है ताकि जनता के बीच कांग्रेस के विरुद्ध एक जनांदोलन खड़ा किया जा सके। अभ्यास वर्ग में पवन राणा ने भाजपा की कार्य पद्धति के विषय पर रोशनी डाली। वहीं समापन सत्र में प्रदेश भाजपा के महामंत्री रणधीर शर्मा ने राजनीतिक परिदृश्य एवं भाजपा विषय पर जानकारी कार्यकर्ताओं को दी।

यह रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला भाजपाध्यक्ष बलवीर बग्गा, हरिओम भनोट, सुमित शर्मा, चरणजीत अटवाल, महिला मोर्चा की सदस्य उर्मिला चौधरी, मंडल भाजपाध्यक्ष रमेश भड़ौलियां, तिलकराज सैनी, अंबिका दत्त, राकेश बिल्ला, पुष्पा चौधरी, विनोद पुरी, राजेश कौशल, ममता कश्यप, नवदीप कश्यप, अमरीक सिंह, चौधरी मक्खन सिंह, सुरजीत सैनी, सुरेंद्र भारद्वाज, खड़क सिंह, कमला देवी, दर्शन सैनी, बलविंद्र गोल्डी, राजकुमार पठानिया, सोहन लाल, अंजना चब्बा, विमला देवी, किशना देवी, सविता, विंद्रा देवी, दलजीत कौर, सरिता कपिला, संतोष कुमारी, रेखा रानी, मीना शर्मा, मदन पुरी, रामपाल सैनी, तरसेम शर्मा, हरपाल गोगी, पुष्पा चौधरी, सुदेश कुमारी, राजन सहोड़, विनय शर्मा, अनिल कुमार, पुनीत मैहन, राहुल शर्मा सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts