
ऊना। जिला मुख्यालय के डीएवी सेंटेनेरी स्कूल के पास सोमवार सुबह पेश आए सड़क हादसे में एक बच्चे और महिला समेत चार लोग घायल हो गए, हादसे में एक व्यक्ति की टांग फ्रेक्चर हो गई है। हादसे के फौरन बाद सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, जहां सभी घायलो को उपचार दिया जा रहा है। हालांकि हादसे में घायल महिला व उसके बच्चे सहित एक अन्य व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, लेकिन घायल महिला के पति की टांग फ्रेक्चर होने के चलते उसे अस्पताल में ही उपचार दिया जा रहा है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह एक दंपति बाइक पर अपने बच्चे के साथ ऊना की ओर आ रही थी। इसी दौरान दूसरी ओर से आ रही एक बाइक से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दंपति, उनका बच्चा और दूसरी बाइक का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। एसएचओ केएल बैरी ने बताया कि दोनों पक्षाे में आपसी समझौता होने के बाद मामला दर्ज नहीं किया जा सका है।
