
संतोषगढ़ (ऊना)। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से संचालित वार्षिक परीक्षाओं में उड़नदस्तों ने सोमवार को दसवीं की हिंदी विषय की परीक्षा में 15 छात्रों को नकल करते रंगे हाथाें पकड़ा। 15 मामलों में से सात मामले शिक्षा उपनिदेशक आरसी टबयाल की टीम ने पकड़े। उपनिदेशक उच्च शिक्षा आरसी टबयाल एवं टीम के सदस्यों जनकराज, विजय अत्री, शशि कुमारी ने चार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। टीम ने अजोली परीक्षा केंद्र में पांच एवं बहडाला स्थित परीक्षा केंद्र में दो छात्रों को नकल करते हुए पकड़ा। टीम ने बाथड़ी एवं जखेड़ा के परीक्षा केंद्रों की भी जांच की। प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अधिकारियों ने भी जिला के परीक्षा केंद्रों में चार छात्रों को हिंदी के पेपर में नकल करते हुए पकड़ा। शिक्षा बोर्ड की पीआरओ अंजू पाठक ने चार छात्रों के यूएमसी केस बनाए जाने की पुष्टि की है। एसडीएम बंगाणा एमएल यादव एवं एसडीएम अंब अशोक चौहान पर आधारित टीमों ने भी लगभग आधा दर्जन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। टीम ने बुधान, लठियाणी, मुबारिकपुर, गगरेट, अंबोटा, नंगल-जरियालां स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। प्रवक्ता प्रदीप सिंह पर आधारित टीम के सदस्यों सतिंद्र कौशल, राजेश कुमार, अश्वनी कुमार ने टक्का परीक्षा केंद्र में तीन, कन्या विद्यालय ऊना परीक्षा केंद्र में एक छात्रा को नकल करते हुए पकड़ा। टीम ने डीएवी ऊना, बसोली, तलाई के परीक्षा केंद्रों की भी जांच की। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक निर्मल रानी के नेतृत्व में गठित टीम के सदस्यों ने लठियाणी, बुधान, चताड़ा, अरलू एवं हटली के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
