ऊना में हो रही वारदातों से लोगों में दहशत

मैड़ी (ऊना)। ऊना में हो रही लगातार वारदातों से लोग सहम गए हैं। बीते रविवार की घटना भी पहले की घटना जैसी है। दिन का समय, वही इलाका, वैसे ही नकाबपोश बाइक सवार। उसी तरह से राह जा रहे दंपत्ति को रोकना और पति पर गोली दागना।
मौके से मिले गोली के खोल का मेल खाना और दोनों ही वारदातों में एक ही फायर होना। वह भी सिर्फ नौ दिनों के अंतराल पर। अंतर है तो सिर्फ दो। पहला मामला ऊना-कांगड़ा के बिलकुल बार्डर पर कांगड़ा के क्षेत्र में हुआ था। जहां अंब और ज्वालाजी पुलिस ने एक साथ तफ्तीश शुरू की थी। दूसरा मामला जिला ऊना के नलोह में हुआ, जो कि पहली घटना के बिलकुल समीप ही है।
दूसरा अंतर है कि सिक्कर का परोह में हुई वारदात में इस्तेमाल बाइक सप्लेंडर माना जा रहा था, जिसका नंबर भी पंजाब से संबंधित होने का अंदेशा था, परंतु नलोह में हुई वारदात में एचपी नंबर की पल्सर बाइक के कयास लगाए जा रहे हैं। लगातार दो वारदातों का असर यह है कि एक तरफ लोग दहशत में हैं तो दूसरी ओर जबरदस्त आक्रोश भी है।
प्रदेश में इस तरह से दुस्साहस पूर्ण लूट अथवा लूट के प्रयास के लगातार दो मामले एक ही क्षेत्र में होने से स्थानीय लोग सकते में हैं।क्षेत्रवासियों राकेश, सोनू चौधरी, अजय मनकोटिया, राजीव कुमार, अनिल शर्मा आदि ने कहा कि क्षेत्र में आलम यह है कि महिलाओं ने अब सोने के थोड़े बहुत पहने हुए गहने भी उतार दिए हैं। इन सब हालात ने पुलिस पर इन नकाबपोश लूटेरों को जल्द पकड़ने का दबाव बनाया है।
उधर, डीएसपी अंब मदन लाल कौशल का कहना है कि पुलिस की ओर से दोनाें वारदातों को अंजाम देने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया है। उन्होंने दावा किया है कि शातिर जल्द सलाखाें
के पीछे होंगे। उन्होंने कहा कि
दोनों वारदातों में गोली एक ही हथियार से चली है या नहीं
इसका खुलासा एफएसएल की रिपोर्ट में होगा।

Related posts