ऊना में हल्की बारिश का बड़ा कहर

ऊना। बारिश के पानी से बचाव करने के प्रबंधों की पोल सोमवार को खुल गई। बारिश के पानी ने जहां जिला मुख्यालय के लगभग आधा दर्जन व्यापारिक प्रतिष्ठानों में उत्पात मचाया, वहीं समीपवर्ती झलेड़ा में भी पानी ने दुकानों और घरों में घुस कर लोगों को खासी परेशानियों में डाले रखा। व्यापारियों का हजारों का सामान खराब हो गया। दुकानों और घरों में पानी घुसने के साथ जैसे उन्होंने सामान को निकाल कर सड़क किनारे रखा उसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। तेज अंधड़ ने भी लोगों को खासी दिक्कतों में डाले रखा। कई लोगों का सामान तेज अंधड़ में उड़ा, जिसे समेटने के लिए लोग दौड़ते रहे।
शहर के पंजाब नेशनल बैंक के साथ सटी दुकानों में पानी घुस गया। दुकानदार चंद्र भूषण, अश्विनी कुमार, ज्योति कुमार, नवीन कुमार और राहुल ने बताया कि सोमवार को बारिश के बाद पानी की निकासी सही न होने के कारण पानी उनकी दुकानों में आ घुसा। दुकानों में रखा काफी सामान नष्ट हो गया है। उधर, झलेड़ा में भी दर्जन भर दुकानों में पानी ने कोहराम मचाया है। झलेड़ा के कारोबारी बाल कृष्ण धीमान, राजेश धीमान, नरेश कुमार, हरी लाल, बलवीर कुमार, जीवन चंद, दीपक जोशी, राज कुमार, श्याम लाल, गोल्डी, गौरव चौधरी, काका और अश्विनी कुमार ने बताया कि दुकानों सहित कुछ घरों में पानी घुसने के कारण हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। उधर, स्टेट रोड प्रोजेक्ट के अधिशासी अभियंता एसएस कुटलैहड़िया ने बताया कि जल्द ही पानी की निकासी को दुरुस्त कर कारोबारियों को राहत प्रदान की जाएगी।

Related posts