
टाहलीवाल (ऊना)। ऊना में छह सड़क हादसों में 24 लोग घ्ाायल हो गए। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना में पंजाब के होशियारपुर से बोटा आ रही प्रदेश पथ परिवहन निगम की एक बस पुबोवाल में किक्कर के पेड़ से जा टकराई।
पुबोवाल में चौराहे के समीप हुए हादसे के दौरान यात्रियों में अफरातफरी मच गई। घटना के समय इस बस में चालक परिचालक समेत सोलह यात्री सवार थे। यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। सभी यात्री पंजाब में एक आश्रम में धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने गए थे तथा सभी बोटा के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। निगम की यह बस स्पेशल बुकिंग पर थी। हादसे के दौरान चालक ने किसी तरह अनियंत्रित बस पर काबू पा लिया। सौभाग्य से बेकाबू बस दुकानों की ओर नहीं बढ़ी। अन्यथा और बड़ा हादसा हो सकता था। जैसे ही बस पेड़ से टकराई तो आसपास के लोग वहां एकत्रित हो गए। लोग बस में सवार घायलों को गाड़ी से बाहर निकालने लगे ही थे कि इसी दौरान एक तेजरफ्तार स्कूटर भी बस के पिछले हिस्से से जा टकराया। स्कूटर सवार इस हादसे में घायल हो गया। पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सुरिंद्र सिंह पुत्र किशन सिंह निवासी पुबोवाल की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ है। बस संख्या एचपी- 67-1430 बोटा की तरफ जा रही थी। इस दौरान पुबोवाल में हादसा पेश आया। हादसे में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए हरोली पीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों को छुट्टी दे दी। एसपी अनुपम ने बताया कि बस और स्कूटर चालक के खिलाफ भादंसं की धारा 279, 337 और एमवी एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उधर, दूूसरी घटना में जिला मुख्यालय पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो व्यक्ति घायल हो गए। उन्हें घायलावस्था में क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों मामलों के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरवचन पुत्र हजारा राम निवासी वैहली मोहल्ला ऊना ने शिकायत दर्ज करवाई कि शाम के वक्त एचआरटीसी वर्कशाप ऊना के पास जब वह पैदल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से एक मोटरसाइकिल नंबर एचपी 20 सी-5197 ने उसे टक्कर मार दी। इसमें उसे गंभीर चोटें आई हैं। उधर, दूसरे हादसे में एक एक्टिवा सवार ने राहगीर को जोरदार टक्कर मार दी। इसमें राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। शिकायकर्ता चमन लाल पुत्र हजारा राम निवासी वैहली मोहल्ला ऊना ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे वह अस्पताल को पैदल जा रहा था। इसी दौरान एचडीएफसी बैंक ऊना के एक एक्टिवा नंबर एचपी 72-9827 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसे गंभीर चोटें आई हैं। उधर, पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों मामलों के संदर्भ में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इसी प्रकार तीसरी घटना में उपमंडल अंब के विभिन्न क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। घायलों का निजी क्लीनिकों और अस्पताल में उपचार कराया गया। धार्मिक स्थल मैड़ी में गुरु पूर्णिमा के मौके पर हजारों की संख्या में आए श्रद्धालुओं के कारण अंब मैड़ी तथा अंब नंदपुर मार्ग व्यस्त हो गया। वापसी के दौरान श्रद्धालुओं के तीन मोटरसाइकिल स्किड हो गए। इसमें पांच श्रद्धालु घायल हुए। लवली सिंह, गुरदास सिंह निवासी गुरदासपुर (पंजाब) मैड़ी से अपने घर वापस जा रहे थे कि ठठल के समीप उनकी मोटरसाइकिल स्किड हुआ। हादसे में घायल इन दोनों का प्राथमिक उपचार नजदीक के क्लीनिक में करवाया गया। बाद में उनके साथी उन्हें अपने साथ होशियारपुर ले गए। लवली सिंह के बाएं बाजू में फ्रैक्चर आ गया था। वहीं अंब कलोह मार्ग पर विक्रम सिंह और मनजीत सिंह मोटरसाइकिल स्किड होने के कारण सड़क पर गिर गए। हादसे में मनजीत सिंह के दाएं बाजू में फ्रैक्चर आ गया। दूसरी तरफ अंब नैहरी मार्ग पर सुदर्शन सिंह और प्रमोद कुमार निवासी नवांशहर मोटरसाइकिल समेत सड़क किनारे खड्ड में जा गिरे। हादसे में इन दोनों को चोटें आईं। अंब थाने के ट्रैफिक इंचार्ज अमरीक सिंह ने बताया कि इन घटनाओं को लेकर पुलिस को बाद में सूचना तो मिली, लेकिन किसी की ओर से शिकायत नहीं आई। शिकायत न मिलने के कारण मामले दर्ज न किए जा सके।
