
ऊना। जिला मुख्यालय के बस अड्डा क्षेत्र में शुक्रवार आधी रात से हो रही भारी बारिश ने व्यापक नुकसान किया है। हालत ऐसी थी कि लोगों के घराें और दुकानों में लगभग ढाई से तीन फुट तक बरसाती पानी जा घुसा। इसके चलते लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पुराना बस अड्डे पर ही चंडीगढ़-धर्मशाला नेशनल हाईवे को जाम कर डाला। हालांकि प्रशासन की ओर से घरों और दुकानों में घुसे पानी को बाहर निकालने के लिए फायर ब्रिगेड को मौके पर भेज दिया था, लेकिन पिछले चार सालों से बरसात के मौसम में घरों में पानी घुसने की घटनाओं से बरसात का नर्क झेल रहे लोगों का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा और उन्होंने सड़क को जाम कर डाला। भारी बरसात के बीच सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। इसी बीच यातायात पुलिस प्रभारी मनजीत ठाकुर भी जाम को खुलवाने मौके पर आ पहुंचे, लेकिन लोगों ने पुलिस की बजाय प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर भेजे जाने की जिद पकड़ रखी थी। वहीं जाम की सूचना मिलते ही एसडीएम ऊना धनवीर ठाकुर भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं। काफी देर तक चली इस गहमा-गहमी के बीच एसडीएम धनवीर ठाकुर ने लोगों को जाम खोलने के लिए मना लिया। लगभग 45 मिनट तक बंद रहे धर्मशाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे को दोबारा खोलकर लोगों को अपने गंतव्यों की ओर रवाना किया गया।
