
ऊना। जिला मुख्यालय पर युवतियों के साथ छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक मैहतपुर से युवतियों के साथ छेड़छाड़ करते ऊना तक पहुंच गए, जहां युवतियों की सूझबूझ से पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है। बताया जा रहा है कि दोनों युवतियां मैहतपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक उद्योग में कार्यरत हैं जो बुधवार देर शाम छुट्टी कर अपने घरों को लौट रही थीं। इसी दौरान दोनों युवक भी बाइक पर सवार होकर उनके पीछे हो लिए।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुकेश कुमार पुत्र सुच्चा राम निवासी रायपुर सहोड़ां और संजय पुत्र चमन लाल निवासी मैहतपुर बुधवार देर शाम मैहतपुर औद्योगिक क्षेत्र में घूम रहे थे। इसी दौरान उद्योग में कार्यरत दोनों युवतियां छुट्टी करने के उपरांत घर की जाने लगीं। वहीं दोनों युवक भी मैहतपुर के बस अड्डे पर युवतियों के इर्द-गिर्द मंडराने लग गए। युवतियों ने ऊना के लिए बस पकड़ ली, लेकिन युवक दोनों युवतियों के पीछे ऊना तक आ गए। ऊना में सिटी चौकी इंचार्ज मदन लाल और अन्य पुलिस कर्मचारियों ने नाकेबंदी कर रखी थी, जहां युवतियों ने पुलिस कर्मियों को सारी बात बता डाली। इससे पहले कि युवक माजरे को समझ पाते, पुलिस कर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। एसपी केसी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने युवतियों की शिकायत पर आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया है। महिलाओं और युवतियों के खिलाफ किसी भी प्रकार का अपराध अक्षम्य है, पुलिस ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाएगी।
