
ऊना। हरोली के विभिन्न क्षेत्रों समेत बीत इलाके में अपराधों का ग्राफ दिन प्रति दिन बढ़ रहा है। पंजाब की सीमा से सटा यह इलाका अपराधियों का गढ़ बन रहा है। हाल ही में पंजाब के बीनेबाल की एक युवती का अपहरण और दुराचार कर हत्या कर दी गई थी। युवती का शव टाहलीवाल के समीप पेड़ से लटकाया गया। वारदात की शिकार युवती टाहलीवाल की एक फैक्टरी में काम करती थी। अब क्षेत्र में दो सगी बहनों से दुराचार की वारदात ने हर किसी को हिलाकर रख दिया है। पुलिस की फाइलाें पर नजर दौड़ाएं तो जिले भर में सितंबर और अक्तूबर माह में दुराचार की आधा दर्जन वारदातें हुई हैं। इनमें से अधिकतर नाबालिग युवतियों को हवस का शिकार बनाया गया है।
जिला की अब तक की सबसे बड़ी मर्डर मिस्ट्री भी मात्र बारह वर्षीय बच्ची के साथ दुराचार के बाद उसकी हत्या किए जाने की है। कलरुही में हुई इस वारदात का आज तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। वहीं जिला के पीरनिगाह में भी पंजाब से परिजनों के साथ आई एक नाबालिग बच्ची के साथ भी एक दरिंदे ने दुराचार किया, जबकि जिला मुख्यालय के समीपवर्ती एक गांव में तो एक बाप ने सारी हदों को पार करते हुए अपनी ही नाबालिग बच्ची को हवस का शिकार बना डाला। कुल मिलाकर ऊना जिले मेें अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है, जो बेहद गंभीर विषय है। एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कानून अपना काम करेगा।
