
ऊना। क्षेत्र से दो छात्राओं के अचानक गायब होने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। दोनों छात्राओं के गायब होने के संदर्भ में पुलिस के पास भी शिकायतें पहुंच गई हैं, जिनके आधार पर पुलिस ने अपहरण के केस दर्ज कर मामलाें की छानबीन आरंभ कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय पीजी कालेज में पढ़ने वाली और जिला मुख्यालय के वार्ड नंबर 4 की निवासी एक छात्रा बुधवार दोपहर से गायब है। परिजनाें ने उसकी काफी जगह पर तलाश की, लेकिन उसका कोई अता पता नहीं चल पाया है। छात्रा के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी बुधवार दोपहर से गायब है। उन्होंने अपनी बेटी को गायब करने में एक प्रवासी युवक पर संदेह जताया है। पुलिस ने छात्रा के पिता की शिकायत पर उक्त प्रवासी युवक के खिलाफ आईपीसी की धारा 336 एवं 363 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उधर, ऐसी की एक दूसरी घटना में जिला मुख्यालय से सटे अपर अरनियाला से एक 21 वर्षीय युवती अचानक गायब हो गई है। युवती की माता ने बेटी की गुमशुदगी के संदर्भ में एफआईआर दर्ज करवा दी है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 366 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्हाेंने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि उनकी बेटी को छह जुलाई 2013 को ऊना बाजार में ही एक युवक के साथ देखा गया था। उन्होंने संदेह जताया है कि उसी युवक ने उनकी बेटी को गायब किया है। उधर, एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने बताया कि दो युवतियों के गुमशुदा होने की शिकायतें मिली हैं। पुलिस ने परिजनों की शिकायतों के आधार पर अपहरण के मामले दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है।
