ऊना कॉलेज में हो रहे चहेतों के दाखिले

ऊना। पीजी कालेज ऊना की एबीवीपी की इकाई ने स्नातक कक्षाओं में दाखिला प्रक्रिया को लेकर मनमर्जी किए जाने का आरोप लगाया है। इसे लेकर विद्यार्थी परिषद ने कड़ा ऐतराज जताया है। एबीवीपी इकाई के सचिव विकास बंटी ने कहा कि कालेज में बंदरबांट की तरह चहेतों को दाखिला दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दबाव के चलते पात्र छात्रों को कॉलेज में प्रवेश नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कालेज प्रशासन ने अपनी मनमर्जी के चलते राष्ट्रीय स्तर खेल प्रमाण पात्र प्राप्त छात्रों के बजाय जिला स्तरीय एवं जाली प्रमाण पत्रों के आधार पर दाखिला दिया गया है। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्रों की खेलकूद स्पर्धाओं में साल भर की मेहनत को कालेज प्रशासन नजर अंदाज कर रहा है, जिसका एबीवीपी जोर शोर से विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई कालेज प्रशासन से इस संबंध में बात करता है तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। बंटी ने कहा कि यदि इस संबंध में शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई तो एबीवीपी उग्र आंदोलन शुरू करेगी। कालेज प्रशासन की इस मनमर्जी की पीड़ित छात्र के अभिभावकों ने भी निंदा की है। उन्होंने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय स्तर के प्रमाण पत्रों का क्या लाभ अगर जाली सर्टिफिकेट के आधार पर दाखिला दिया जा रहा है। एबीवीपी इकाई ऊना के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश विवि प्रशासन से मेरिट लिस्ट में अपनी मर्जी से छात्रों का चयन किए जाने के विरोध में गहनता से जांच किए जाने की मांग की है। उधर, कालेज कालेज प्राचार्य डा. एसके चावला ने बताया कि यह मामला उनके ध्यान में है। उन्होंने बताया कि आवेदन करते समय विद्यार्थी ने खेल से संबंधित कोई अन्य प्रमाण पत्र नहीं लगाया था। उन्होंने कहा कि कालेज में प्रवेश विवि के निर्देशानुसार पात्र छात्रों का ही चयन किया गया है।

Related posts