ऊना कॉलेज में एबीवीपी का हंगामा

ऊना। रूसा के खिलाफ जनरल हाउस की इजाजत नहीं मिलने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ऊना ने जमकर हंगामा किया। शुक्रवार को एबीवीपी के कार्यकर्ता रूसा को लेकर जनरल हाउस करने वाले थे, लेकिन कालेज प्रशासन ने अनुमति देने से मना कर दिया। इस पर कार्यकर्ता भड़क उठे। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कालेज प्रशासन, प्राचार्य एवं उपप्रचार्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने प्राचार्र्य कार्यालय में जबरन घुसने की भी कोशिश की। लेकिन मौके पर पहुंचे पुलिस दल ने प्राचार्य कार्यालय के दरवाजे को बंद कर दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ भी तीखी नोंकझोंक भी हुई।
एबीवीपी के कार्यकर्ताओं व कालेज प्रशासन में जनरल हाउस के लिए अनुमति न दिए जाने पर खूब बहसबाजी हुई। इसके चलते पूरे कालेज परिसर में छात्रों को जमाबड़ा लग गया। उधर, एबीवीपी ने कालेज प्रशासन की मनमानी एवं भेदभावपूर्ण रवैये के चलते आने वाले दिनों में कालेज में हुई गडबड़ियों एवं घोटालों का पर्दाफाश की चेतावनी भी दे डाली। इसमें उन्होंने कई प्रोफेसरों के शामिल होने की भी बात की है। इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री राहुल शर्मा, रितू, ज्योति, रंजन, अंजू, शिल्पा, अनीता, ज्योति, प्रियंका, रिचा एवं राघवी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कोट्स
एबीवीपी कालेज में रूसा सिस्टम के खिलाफ जनरल हाउस करवाने की अनुमति मांग रही थी। इस मुद्दे पर कमेटी से भी बैठक की। सभी कमेटी के सदस्यों की सहमति के चलते जनरल हाउस की अनुमति नहीं दी गई।
-एसके चावला, प्राचार्य

सहन नहीं होगा भेदभाव : नवीन
एबीवीपी के प्रदेश संगठन मंत्री नवीन शर्मा ने कहा कि कालेज प्रशासन एनएसयूआई के एजेंट के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि विवि ने अपने स्वार्थों के चलते प्रदेश के हजारों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा दिया है, जिसको एबीवीपी सहन नही करेगी। ऊना महाविद्यालय में चल रहे भेदभाव को सहन नहीं किया जाएगा। एमए में हुई फर्जी एडमिशन के मामले पर एबीवीपी उग्र आंदोलन शुरू करेगी।

Related posts