
ऊना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना बाल की दस जमा एक कक्षा के कुछ बच्चों की गणित की आंसरशीट्स की राइटिंग अलग-अलग पाई गई है। शिक्षा निदेशालय इन कापियों को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज सकता है। उप निदेशक निर्मला रानी ने मामले की जांच रिपोर्ट 300 पृष्ठों में तैयार कर निदेशालय को सौंपी है।
निदेशालय से एडिशनल डायरेक्टर शशि भूषण सेखड़ी ने कहा कि जांच से संबंधित मसौदा ज्वाइंट डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन (उच्च शिक्षा) अश्वनी रमेश देखेंगे। ज्वाइंट डायरेक्टर एडमिनिस्ट्रेशन उच्च शिक्षा अश्वनी रमेश ने जांच रिपोर्ट निदेशालय में पहुंचने की पुष्टि करते हुए कहा कि अभी इसे पुटअप किया जाना है। इसके बाद इस मामले के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का खाका तैयार किया जाएगा
कालेज के ही प्रवक्ता ने की थी शिकायत
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना बाल में हुई गड़बड़ी की कथित शिकायत स्कूल के ही एक प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री, प्रधान सचिव शिक्षा, शिक्षा निदेशक, शिक्षा बोर्ड और एसपी ऊना से की थी। इस पर विभागीय जांच बिठाई गई थी। निदेशालय से उपनिदेशक को जांच कराने के आदेश दिए गए थे। उपनिदेशक ने जोह स्कूल के प्राचार्य यशपाल को जांच का जिम्मा सौंपा था। यशपाल ने 76 पन्नों की जांच रिपोर्ट तैयार की थी। इसके साथ ही करीब 20 पन्ने शिकायतकर्ता ने भी अलग से सौंपे थे।
पहली जांच से संतुष्ट नहीं था निदेशालय
जोह स्कूल के प्राचार्य यशपाल की जांच से विभाग संतुष्ट नहीं था। इसलिए निदेशालय ने शिक्षा उप निदेशक को मामले की दोबारा जांच करने को कहा। इस पर उपनिदेशक निर्मला रानी ने मामले की जांच की और 300 पन्नों की रिपोर्ट निदेशालय को सौंपी है।
दस जमा एक कक्षा के कुछ बच्चों की गणित विषय की आंसर शीट्स की राइटिंग में भिन्नता पाई गई है। शिक्षा निदेशालय इन आंसर शीट्स को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज सकता है। उन्होंने कहा कि स्कूल के अन्य दस्तावेजों में भी कई खामियां उजागर हुई हैं।
निर्मला रानी, उप निदेशक, उच्च शिक्षा
शिक्षा निदेशक इन दिनों अवकाश पर हैं। उनके लौटते ही उनके समक्ष भी जांच रिपोर्ट को प्रस्तुत किया जाएगा।
अश्वनी रमेश, ज्वाइंट डायरेक्टर (एडमिनिस्ट्रेशन), उच्च शिक्षा
