
ऊना। जिला में पारा धीरे-धीरे नहीं बल्कि तेजी के साथ ऊपर चढ़ रहा है। ऊना जिले में पारा वीरवार को 40.6 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है। ऐसे में गर्मी बढ़ती ही जा रही है और लोगों का गर्मी के मारे हाल बेहाल हो रहा है। दोपहर के समय बाजारों सहित मुख्य मार्गों पर आवाजाही कम होती जा रही है । दुकानदारों में भी दोपहर के समय ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे में गर्मी के कारण उनके व्यापार पर भी असर पड़ने लगा है।
प्रचंड होती गर्मी का असर सीधे तौर पर स्कूली विद्यार्थियों और कर्मचारियों पर हो रहा है। विद्यार्थियों सहित कर्मचारी भी गर्मी से बेहाल हैं। बच्चे गर्मी से बेहाल होते हुए स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और तीव्र धूप और गर्मी के बीच तीन बजे दोपहर को छुट्टी होने पर सीधे घरों की ओर रुख कर रहे हैं। छात्रों में सुमित शर्मा, मोहित शांडिल्य, रमन कुमार, राहुल और प्रियंका ने बताया कि गर्मी अधिक बढ़ने के कारण उन्हें स्कूलों को जाने और घरों को वापस आने में काफी परेशानी हो रही है। स्थानीय कारोबारियों में दीपक शर्मा, सुरेश चाहल, संदीप लाडी, अनुज विश्वमित्र ने बताया कि गर्मी बढ़ने के कारण बाजारों में ग्राहकों की दस्तक भी कम हो रही है। उधर, मौसम की प्रचंडता से राहत दिलाने के लिए लगभग एक सप्ताह तक बारिश की संभावना से मौसम विभाग की ओर से भी इंकार कर दिया गया है। मौसम विभाग के कार्यकारी अधिकारी विनोद शर्मा के मुताबिक इस सप्ताह गर्मी इसी तरह प्रचंड रहेगी और पारा और चढ़ेगा। उन्होंने बताया कि अनुमान के मुताबिक इस सप्ताह बारिश होने की संभावना बेहद कम है।
