उसी दल का देंगे साथ जो सुनेगा हमारी ‘बात’

दलाश (कुल्लू)। क्षेत्र के सैकड़ों लोगों की आईपीएच और बिजली बोर्ड का सब डिवीजन खोलने की
मांग आज तक सिरे नहीं चढ़ पाई है। लोगों को मलाल है कि चुनाव के दौरान तो नेता बड़े-बड़े वादे करते हैं लेकिन चुनाव निपटते ही सभी वादे हवा-हवाई हो जाते हैं। बार-बार आश्वासनों से तंग आ चुके लोगों का अब दो टूक कहना है कि इस चुनाव में वह उसी राजनीतिक दल का साथ देंगे, जो उनकी मांगों को प्रमुखता से पूरा करे।
दलाश दस पंचायतों का केंद्र बिंदु है। लेकिन, यहां के लोगों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने में कोई भी दल आगे नहीं आया है। पूर्व भाजपा सरकार के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से दलाश दौरे के समय यहां की जनता ने उनसे दलाश में आईपीएच और बिजली बोर्ड का सब डिवीजन खोलने की मांग की थी, लेकिन उस मांग की भी अनदेखी की गई। इसके बाद जब कांग्रेस सत्ता में आई तो मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पांच वर्ष बाद जब दलाश पहुंचे तो लोगों ने उनसे यहां तकनीकी कालेज खोलने की मांग की, लेकिन कई साल पूरे होने के बाद भी लोगों की कोई भी मांग पूरी नहीं हो पाई है। क्षेत्र के लोगों में जिया लाल, राजेश, सुशील, दिनेश, प्रकाश, हंस राज आदि का कहना है कि भाजपा हो या कांग्रेस दोनों राजनीतिक दलों ने यहां के लोगों को ठगा है। उन्होंने कहा कि अब लोग उस दल का साथ देंगे, जो यहां के लोगों की मांगों को प्रमुखता से उठाएंगे।

Related posts