
निरमंड(कुल्लू)। निरमंड के प्रसिद्ध बूढ़ी दिवाली उत्सव का शुभारंभ मंगलवार को आनी के विधायक खूब राम आनंद ने किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि बूढ़ी दिवाली उत्सव निरमंड ही नहीं पूरे हिमाचल प्रदेश की प्राचीनतम लोक परंपराओं का प्रतीक है, और प्रदेश सरकार हिमाचल की प्राचीन लोक संस्कृृति व परंपराओं के संरक्षण और संवर्द्धन के लिए कृतसंकल्प है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई नई सड़कों का निर्माण किया गया है और अब शीघ्र ही इन सभी मार्गों पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें चलाई जाएंगी। इस मौके पर विधायक ने निरमंड में सराय के लिए दो लाख रुपये की धनराशि देने की भी घोषणा की। इससे पहले बूढ़ी दिवाली उत्सव की आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं आनी के एसडीएम नीरज गुप्ता ने विधायक का स्वागत किया। आयोजन के बारे में विस्तृृत जानकारी दी। समारोह में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों और स्थानीय स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इस मौके पर शहनाई वादन प्रतियोगिता भी करवाई गई। कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष गुरदर्शन के नेतृृत्व में कराटे शो भी किया गया। उद्घाटन समारोह में सभी विभागों के अधिकारी व अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
