
कुल्लू। मंडी संसदीय उपचुनाव को घोषणा के बाद कांग्रेस के फ्रंटल संगठनों ने होमवर्क करना तेज कर दिया है। जिला महिला कांग्रेस भी उप चुनाव में पार्टी प्रत्याशी को जीत दिलाने की दिशा में सक्रिय हो गई है। मंडी लोस उप चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की सचिव एवं हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रभारी विद्या देबू इन दिनों मंडी संसदीय क्षेत्र के दौरे पर हैं। शनिवार को उन्होंने बंजार विस क्षेत्र में महिला कांग्रेस की बैठक ली। इसमें आनी विस क्षेत्र की महिला कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहीं। इस दौरान उन्होंने महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार रहने तथा केंद्र की यूपीए व प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचा कर प्रचार करने की अपील की। पार्टी उम्मीदवार की जीत में महिला कांग्रेस की अहम भूमिका रहेगी।
इस मौके पर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता ठाकुर ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आई राष्ट्रीय महिला कांग्रेस सचिव एवं प्रदेश प्रभारी विद्या देबू ने जिले की सभी चारों विस क्षेत्रों की महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनाव को लेकर जरूरी टिप्स दिए हैं।
बैठक में महिला कांग्रेस ने पूर्व में सांसद रही प्रतिभा सिंह को मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस का टिकट देने की मांग की है। ममता ठाकुर ने कहा कि कुल्लू पहुंचने पर राष्ट्रीय सचिव का जिला महिला कांग्रेस ने स्वागत किया। इस अवसर पर पंचायत समिति बंजार की अध्यक्ष प्रभा पालसरा, राज्य सचिव विद्या ठाकुर, अध्यक्ष बंजार महिला कांग्रेस पिंगला देवी, आनी कांग्रेस अध्यक्षा रमीला देवी, जिला उपाध्यक्ष शारदा कटोच, पंचायत प्रधान गीता देवी सहित सौ के करीब महिला कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
