
नई दिल्ली। लोकायुक्त ने नरेला जोन के उपायुक्त कुलदीप सिंह यादव पर हमला कर उन्हें घायल करने के मामले में नरेला वार्ड से बीएसपी के पूर्व पार्षद प्रवीन गुप्ता को दोषी ठहराया है। लोकायुक्त ने उनके रवैये पर फटकार लगाते हुए उपराज्यपाल से उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास करवाने का आग्रह किया है। लोकायुक्त न्यायमूर्ति मनमोहन सरीन ने फैसले में दिल्ली सरकार के व्यवहार कुशलता विभाग से जनसेवकों को प्रशिक्षण भी दिलवाने की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि ऐसे कई मामले प्रकाश में आ चुके हैं, जिसमें लोक सेवकों का आम लोगों व सरकारी अधिकारियों के प्रति रवैया काफी नकारात्मक रहा है। ऐसे में उनको उचित आचरण, कर्तव्य व जिम्मेदारी पूर्ण रवैया अपनाने के लिए प्रशिक्षण देना जरूरी है। लोकायुक्त ने कहा कि आरोपी पूर्व पार्षद गुप्ता ने अपने कार्यकाल के दौरान उपायुक्त को कार्य के बजट की जल्द मंजूरी प्रदान करने के लिए प्रताड़ित किया। उनकी अंगुली तक तोड़ दी। अभियुक्त कार्य की मंजूरी प्रदान करवाकर उसका फायदा उठाना चाहता था।
