उपायुक्त ने किया जिला पुस्तकालय का निरीक्षण

हमीरपुर। ‘अमर उजाला’ द्वारा जिला पुस्तकालय की हालत बयां करने के बाद प्रशासन भी हरकत में आया है। समस्या की जानकारी मिलने के पश्चात उपायुक्त ने स्वयं मौके पर जाकर पुस्तकालय की हालत का निरीक्षण किया तथा तुरंत पुस्तकालय के लिए एक अतिरिक्त कमरा उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य सुविधाओं के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए जिससे इन्हें भी उपलब्ध करवाया जा सके। हालांकि एक अतिरिक्त कमरे का प्रावधान किए जाने से समस्या का पूरी तरह समाधान नहीं होगा परंतु कुछ राहत अवश्य मिलेगी।
‘अमर उजाला’ ने 30 मई के अंक में फिर किस काम का जिला पुस्तकालय शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। पुस्तकालय में न पाठकों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान है और न ही पुस्तकों को रखने के लिए ही स्थान उपलब्ध है। पुस्तकों को बोरियों में भरकर रखा गया है। शुक्रवार को उपायुक्त आशीष सिंहमार ने पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर ही एसएसए जेई को दिए कमरे को खाली करवाकर जिला पुस्तकालय को देने के निर्देश दिए जिससे कम से कम पाठकों के बैठने के लिए उपयुक्त स्थान मिल सके। साथ ही सहायक पुस्तकालय अध्यक्ष कमलेश परमार को निर्देश दिए कि फर्नीचर, वाटर कूलर तथा शौचालय की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजें जिससे सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। उपायुक्त के साथ उच्च शिक्षा उपनिदेशक आरसी तबियाल भी उपस्थित थे।
हिमाचल पुस्तकालय संघ के प्रदेशाध्यक्ष कमलेश परमार ने उपायुक्त की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की मदद से जिला पुस्तकालय में कमियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।

Related posts