
सुजानपुर (हमीरपुर)। पंचायत समिति सुजानपुर में अध्यक्ष के खिलाफ लामबंद सदस्यों का नेतृत्व कर रहे सदस्य जोगिंद्र ठाकुर ने उपाध्यक्ष के खिलाफ जिला पंचायत अधिकारी को शिकायत सौंपी है। शिकायत के माध्यम से उपाध्यक्ष के खिलाफ पंचायती राज अधिनियम के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। जिला पंचायत अधिकारी कार्यालय ने शिकायत निदेशालय को प्रेषित कर दी है।
जोगिंद्र ठाकुर ने आरोप लगाया कि दस सदस्यों ने पंचायत समिति उपाध्यक्ष को अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव सौंपा था। जिस पर कार्रवाई करते हुए उपाध्यक्ष ने 27 मई को पत्र जारी कर निर्णय के लिए 5 जून को बैठक निर्धारित की थी तथा समस्त सदस्यों को सूचित किया गया था लेकिन निर्धारित दिन उपाध्यक्ष स्वयं उपस्थित नहीं हुईं और सदस्य पंचायत समिति हाल में इंतजार करते रहे। आरोप लगाया कि उपाध्यक्ष ने कर्तव्य निर्वहन में कोताही बरती है जिसके लिए पंचायती राज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाए।
विभाग की मानें तो उपाध्यक्षा ने 4 जून को लिखित रूप में बैठक के दिन उपस्थित न हो पाने की सूचना थी लेकिन कम समय होने के कारण बैठक को स्थगित या समय परिवर्तित नहीं किया जा सका।
जिला पंचायत अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि शिकायत मिली है तथा अविश्वास प्रस्ताव पर पंचायत समिति की बैठक की रिपोर्ट भी मिल गई है। दोनों को आगामी निर्देशों के लिए निदेशालय को प्रेषित कर दिया गया है। निदेशालय से निर्देश मिलने के पश्चात आगामी कार्रवाई की जाएगी।
