उपचुनाव को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

कुल्लू। लोकसभा उपचुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से निपटाने के लिए जिला के सभी चार विस क्षेत्रों में जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस बल के साथ आईटीबीपी तथा होमगार्ड के करीब 1700 जवान तैनात रहेंगे। जिला की आनी, बंजार, कुल्लू और मनाली विस क्षेत्र में 23 जून को होने वाले लोकसभा के उपचुनावों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी हैं।
जिला के 474 पोलिंग स्टेशनों पर 1896 कर्मचारी तैनात किए हैं। पोलिंग बूथों पर सुरक्षा का जिम्मा हिमाचल पुलिस, आईटीबीपी और होमगार्ड के जवान संभालेंगे। इसके लिए 1100 पुलिस कर्मी, अर्धसैनिक बल के 150 तथा होमगार्ड के 475 जवानों को शामिल किया है। इसके अलावा पुलिस का त्वरित दल भी जिला के हर थाने में तैनात रहेगा। दस-दस जवानों की टुकड़ियां बनाई गई हैं। साथ ही रिजर्व पुलिस के अलावा निगरानी दल भी समय-समय पर निरीक्षण करेगा।
जिला की आरक्षित आनी विस क्षेत्र के 125 पोलिंग स्टेशन, बंजार के 122 ,मनाली के 96 पोलिंग तथा सदर कुल्लू के 131 चुनाव केंद्रों पर 1896 कर्मचारियों की तैनाती की है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कुल्लू शरभ नेगी ने कहा कि सभी पोलिंग पार्टियों को रवाना कर दिया है। नजदीक के पोलिंग स्टेशनों की पार्टियां शनिवार सुबह रवाना होंगी। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के साथ जिला के 65 पोलिंग स्टेशनों पर केंद्रीय कर्मचारियों को तैनात किया है। जिला में 50 संवेदनशील तथा 28 अति संवेदनशील पोलिंग स्टेशन हैं। इनमें मनाली में 14 संवेदनशील, 4 अति संवेदनशील, सदर में 12 संवेदनशील, आठ अति संवेदनशील, आनी विस में 12 संवेदनशील तथा 9 अति संवेदनशील तथा बंजार विस में 12 संवेदनशील और 8 अति संवेदनशील बूथ चिन्हित किए हैं। 28 अति संवेदनशील बूथों की कमान पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बलों के हवाले होगी।

22 किलोमीटर का पैदल सफर
कुल्लू। जिला के बंजार विधानसभा क्षेत्र का शाक्टी पोलिंग स्टेशन अति दुर्गम है। यहां चुनावी ड्यूटी देने के लिए पोलिंग पार्टी को न्यूली से 22 किलोमीटर का पैदल सफर करना होगा। जिला के अति दुर्गम पोलिंग स्टेशन होने के चलते यहां के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी हैं।

Related posts