
ज्यूरी (रामपुर बुशहर)। रामपुर उपमंडल के ज्यूरी स्थित उन्नू महादेव मंदिर में बीते दिनों पहाड़ी से चट्टानें गिरने के कारण सराय भवन को नुकसान पहुंचा है। इसको लेकर एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने राजस्व कर्मचारियों को नुकसान का मूल्यांकन कर रिपोर्ट जल्द उनके कार्यालय में देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मंदिर के ऊपर भूस्खलन वाले स्थान पर बचाव के दृष्टिगत उचित कदम उठाने के लिए भी कहा है। गौर हो उन्नू महादेव मंदिर हजारों लोगों की आस्था का केंद्र है।
मंदिर के ऊपर की पहाड़ी से और चट्टानें गिरने के खतरे से उन्नू मंदिर महादेव के मंदिर और यहां स्थित गर्म पानी के प्राकृतिक चश्मे के दबने का खतरा बना हुआ है। मंदिर कमेटी ने सरकार से परिसर के ऊपर की चट्टानों को कंक्रीट से पक्का करने का आग्रह किया है। उन्नू महादेव के महंत बाबा मस्तगिरि ने मौके पर पहुंचे एसडीएम को बारिश के कारण मंदिर के सराय भवन पर बड़ी-बड़ी चट्टानें गिरने से हुए नुकसान से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि चट्टानों से भवन के लेंटर और दीवार को नुकसान हुआ है। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से किए जाने वाले कार्यों को तुरंत करवाने का एसडीएम से आह्वान किया।
