उन्नत किस्म से महकेंगे सेब बगीचे

कुल्लू। पुराने पौधों के कारण सेब की पर्याप्त पैदावार न होने से परेशान बागबानों को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सेब जीर्णोद्धार योजना के तहत कुल्लू जिले में करीब 1250 हेक्टेयर क्षेत्र में सेब के नए पौधे लगाए जाएंगे। सेब के पौधे लगाने के लिए प्रति पौधा 90 रुपये अनुदान दिया जाएगा।
इस योजना के तहत कुल्लू जिला में करीब छह करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना के तहत प्रति हेक्टेयर एक बागवान को करीब 45 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। इससे कुल्लू जिला के सैकड़ों बागवानों को लाभ होगा। उद्यान विकास अधिकारी डॉ. बिंदु शर्मा ने बताया कि प्रदेश भर में चार हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सेब के नए पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना पर करीब 85 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कुल्लू जिले के बागवान अपने बगीचों में सेब के पुराने पेड़ों के स्थान पर नए और उन्नत किस्म के पौधे लगा सकते हैं। सेब के पौधों को बदलने के लिए प्रदेश सरकार बागवानों को आर्थिक अनुदान दे रही है। उन्नत किस्म के पौधे लगाने से उनके बगीचों में सेब की पैदावार बढ़ेगी और वे आर्थिक रूप से मजबूत होंगे। उद्यान विकास अधिकारी ने बताया कि कुल्लू जिला के बागवानों के लिए सेब की स्पर, रॉयल गाला और सिल्वर स्पर जैसी किस्में काफी अच्छी साबित हो सकती हैं। बागवानों को बजौरा की नर्सरी से ये उन्नत किस्में उपलब्ध करवाई जा रही हैं। डा. बिंदु ने बताया कि सेब
जीर्णोद्धार योजना के माध्यम से सेब की उन्नत किस्में अपनाने के लिए बागवानों को प्रेरित और जागरूक किया जा रहा है। बागवानों को अनुदान पर 24 से 34 रुपये प्रति पौधा दिया जा रहा है।

Related posts