उद्योगों के आगे से

मैहतपुर (ऊना)। उद्योगों के आगे खाली पड़ी सरकारी जमीन पर अब उद्यमियों की फूलबाड़ियां नहीं सज पाएंगी। उद्यमियों को गेट के आगे खाली जमीन पर किए अवैध कब्जों को जल्द हटाना होगा। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जीएम उद्योग को निर्देश देते हुए कहा है कि ऐसे सभी उद्योगपतियों को नोटिस जारी किए जाएं, जिन्होंने कारखानों के बाहर खाली पड़ी जमीन पर किसी न किसी रुप में अवैध कब्जे कर रखे हैं। बुधवार को स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र के देसी शराब बनाने वाले कारखाने में आए उद्योग मंत्री ने जीएम उद्योग से कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की खाली जमीन का किसी भी रुप में दुरुपयोग न होने पाए इस बात का पूरा ख्याल रखा जाना चाहिए। श्रमिकों और उद्यमियों का महकमा उन्हीं के पास है। लिहाजा, दोनों वर्गों की मांगों और समस्याओं का हल करना उनका दायित्व है। उन्होंने सांकेतिक भाषा में उद्यमियों से कहा कि श्रमिकों का किसी भी कीमत पर शोषण बर्दाश्त नहीं होगा। हिमाचलियों और बाहरी राज्यों के श्रमिकों से किसी प्रकार का कोई भेदभाव न होने पाए, इस बात पर उद्यमियों को खास गौर करना होगा।

हड़तालियों का तंबु उखाड़ने की मांग
मैहतपुर के शराब कारखाने में आए उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री से स्थानीय दवा उद्योग की महिला कर्मचारियों नीता शर्मा, राशि, मधु, एचएस सैणी, अंजना, अनिता शर्मा, पवनजीत कौर, परमजीत, बीना, अनिता, सुनीता, प्रवीण कुमारी ने भेंटकर उनसे मांग उठाई कि कुछ लोग हड़ताल के बहाने पूरे औद्योगिक क्षेत्र का माहौल खराब करने में तुले हुए हैं। उन्होंने कहा कि कारखाने के आगे तंबु गाड़कर बैठे श्रमिकों को हटाया जाना मजदूर हित में होगा। इस मौके पर दवा उद्योग एचआर प्रमुख संदीप प्रभाकर भी मौजूद रहे।

Related posts