उद्योगों और घरों को मिलेगी प्राकृतिक गैस

टाहलीवाल (ऊना)। औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल में प्राकृतिक गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए गैस कंपनी को वन विभाग के अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने का इंतजार है। एनओसी मिलते ही कार्य शुरू हो जाएगा। इस पाइपलाइन को बिछाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से केंद्रीय योजना के तहत किए आवेदन को हरी झंडी मिल गई है। पाइप बिछने से उद्योगाें के साथ-साथ दूसरे चरण में घरों एवं वाहनाें के लिए भी गैस मिलनी शुरू हो जाएगी। इससे क्षेत्र के लोगों एवं उद्योगाें को बिजली एर्वं इंधन की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिलेगी।
टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र में गेल कंपनी डंप मैंदपुर पंजाब से बिछाई जाने वाली गैस पाइपलाइन को लेकर वीरवार को एसडीएम धनवीर ठाकुर के नेतृत्व में आईपीएच, विद्युत बोर्ड, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। गेल कंपनी के मैंदपुर पंजाब डंप से आए अधिकारी रणजीत सिंह ने बताया कि वन विभाग की ओर से गैस पाइपलाइन बिछाने को लेकर अनापत्ति पत्र मिलना बाकी है। एनओसी मिलते ही पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत बड़े उद्योगाें को गैस पाइपलाइन से जोड़ा जाएगा। उसके उपरांत दूसरे चरण में लोगों को घराें में गैस उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यकता अनुसार गैस के डंप बनाए जाएंगे। इसके अलावा वाहनों के लिए सीएनजी गैस मुहैया करवाने के लिए भी सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। औद्योगिक क्षेत्र में उद्योगों को गैस उपलब्ध होने से वन तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी लाभ मिलेगा। एसडीएम धनवीर ठाकुर ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में गेल कंपनी द्वारा बिछाई जाने वाली पाइपलाइन को लेकर सभी विभागाें के साथ संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया है। पाइप बिछाने के संबंध में गेल कंपनी को कैपेबिलिटी सर्टिफि केट देने की रिपोर्ट उपायुक्त को भेजी जा रही है।

Related posts