
मैहतपुर (ऊना)। औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार को प्रस्तावित उद्योग संघ के चुनाव उद्यमियों की आपसी गुटबाजी की भेंट चढ़ गए। नई कार्यकारिणी का गठन नहीं हो पाया। दिनभर माहौल शांत रहा, लेकिन जैसे ही सीआर कौशल गुट की ओर से यह खबर आई कि वह नई कार्यकारिणी के गठन का ऐलान करने वाले हैं तो विरोधी खेमे के उद्यमियों ने भी चुनाव स्थल की ओर कूच कर दिया। सपाटिया गुट के समर्थक उद्यमियों के सेवा सदन में पहुंचते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों गुटों के बीच आपसी तनातनी बढ़ गई। दोनों गुटों के उद्यमियों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने शुरू कर दिए। इस बीच आपसी भाईचारे की दुहाई देकर कुछेक उद्यमियों को माहौल शांत करवाते देखा गया। एक गुट का कहना था कि चुनाव समिति के त्यागपत्र के बाद नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकती। इसके लिए दोबारा हाउस में जाना होगा। हाउस जो फैसला करेगा, उसी के मुताबिक आगामी कार्रवाई की जाएगी। जबकि दूसरे गुट की दलील थी कि चुनाव समिति के त्यागपत्र का बहाना बनाकर चुनावों को जानबूझकर टाला जा रहा है, क्योंकि उनके पास बहुमत नहीं हैं और अपनी हार से वह लोग सहमे हुए हैं। उद्योग संघ के पूर्व अध्यक्ष पंडित पीसी शर्मा ने जहां इस माहौल पर खेद जताया, वहीं पूर्व अध्यक्ष बलराम चंदेल ने कहा कि हाउस ही सुप्रीम है, चंद लोगों की मर्जी से कार्यकारिणी का गठन कभी मान्य नहीं हो सकता। इस मौके पर बलराम चंदेल, सीआर कौशल, शम्मी जैन, दिलबाग सिंह, बलतेज इंद्र सिंह, अनिल सपाटिया, अश्वनी जैन, मंजीत नामधारी समेत अनेक उद्यमी मौजूद रहे
